Gujarat Road Accident: गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले से गुजरने वाले खंभालिया-जामनगर हाईवे (Kambhalia Jamnagar Highway) पर सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आराधना धाम के पास तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
खंभालिया के पास भीषण सड़क हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)
इस भयानक दुर्घटना में 14 वर्षीय अर्जुन खेमलाल महिलांग और कमलेश गुड्डू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों को गंभीर चोटें आई थीं। वहीं पिकअप वैन चला रहे कौशिकभाई परमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत खंभालिया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अंग्रेज भी इससे बेहतर थे...', छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर बरसे उद्धव ठाकरे; सोनम वांगचुक और CJP के समर्थन में उतरे
काफी मशक्कत के बाद शवों को निकाला बाहर
वैन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसमें फंसे शवों को निकालना बेहद मुश्किल था। फायर कर्मियों ने हाइड्रोलिक कटर का इस्तेमाल करके गाड़ी के पतरे को काटा और काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। यह राहत और बचाव कार्य करीब दो घंटे तक चला। घटना के बाद स्थानीय खंभालिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हादसा पिकअप वैन के पीछे से ट्रक में टकराने के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि दुर्घटना की सही वजह का पता चल सके। इस अचानक हुई त्रासदी से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है।
