शहर

Greater Noida Traffic: हफ्ते के पहले ही दिन चार मूर्ति से पर्थला फ्लाईओवर तक गाड़ियों का पहिया थमा; ट्रक हादसे ने बढ़ाई आफत

Greater Noida Traffic: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार की सुबह चार मूर्ति से पर्थला फ्लाईओवर तक भीषण जाम लग गया। किसान चौक के पास एक ट्रक के डिवाइडर से टकराने और भारी ट्रैफिक वॉल्यूम के कारण कामकाजी लोग घंटों फंसे रहे।

Image

किसान चौक के पास डिवाइडर से टकराया ट्रक, लगा जाम (Noida Traffic Police)

Greater Noida Traffic: सप्ताह के पहले ही दिन की सुबह ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी) और नोएडा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। किसान चौक (चार मूर्ति गोल चक्कर) से पर्थला फ्लाईओवर की ओर जाने वाली सड़क पर एक ट्रक के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा गया। देखते ही देखते चार मूर्ति गोल चक्कर से पर्थला सिग्नेचर ब्रिज और फ्लाईओवर तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिसमें सुबह-सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग घंटों फंसे रहे।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रक बना जाम की मुख्य वजह

नोएडा ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किसान चौक से पर्थला गोल चक्कर की तरफ जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क के बीचों-बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसा होते ही मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस की टीम ने जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का काम शुरू किया। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी कर चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

नोएडा पुलिस ने लिखा कि किसान चौक से परथला गोल चक्कर की ओर जाने वाले मार्ग पर एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया है। जिसे जेसीबी व हाइड्रा की सहायता से यातायात पुलिस द्वारा हटवाया जा रहा है। वाहन चालकों से अनुरोध है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाना सुनिश्चित करें।

सोमवार की सुबह और भीड़ से बढ़ी आफत

गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) से रोजाना लाखों की संख्या में नौकरीपेशा लोग नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के लिए निकलते हैं। सोमवार सुबह पीक आवर्स के दौरान हफ्ते का पहला दिन होने की वजह से सड़क पर गाड़ियों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। पर्थला फ्लाईओवर से ठीक पहले कट और गोल चक्कर पर अचानक गाड़ियों का दबाव बढ़ने से बॉटलनेक की स्थिति बन गई। पर्थला सिग्नेचर ब्रिज पार करने में जहां आम तौर पर 2 मिनट का समय लगता है, वहीं चालकों को लंबे समय तक एक ही जगह खड़ा रहना पड़ा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article