Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में माता-पिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्यों ने रात में मैगी और चाय का सेवन किया था। इसके बाद सभी सो गए। सुबह पांचों के मृत मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटनास्थल पर मौजूद भीड़
रात में परिवार ने खाई थी चाय-मैगी
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे परिवार मेला देख के घर लौटा। घर पहुंचने पर खाने में मैगी और चाय बनाई है। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने एक साथ मैगी और चाय का सेवन किया और सोने चले गए। सुबह जब परिवार के पांचों सदस्य मृत मिले, तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में किसी खाद्य पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि खाने के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा सके।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच के बाद ही पांचों लोगों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
मृतकों की पहचान
नोएडा पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में महेश पुत्र कृष्ण निवासी नगला श्री पदम (37 वर्ष), ललिता पत्नी महेश (35 वर्ष), लड्डू पुत्र महेश (11 वर्ष), मिष्टी पुत्री महेश (07 वर्ष), साक्षात पुत्र महेश (03 वर्ष) शामिल हैं। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल, उच्चाधिकारीगण, एम्बुलेंस एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
मृत्यु के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
