Yamuna Authority: यमुना प्राधिकरण, आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों में पॉड टैक्सी और मेट्रो के साथ-साथ ट्राम व सिटी बस सेवा का भी संचालन करने की योजना बन रही है। ट्राम और सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए अधिकारियों ने कई शहरों का अध्ययन करना भी शुरू कर दिया है। इससे सेक्टर के प्रत्येक ब्लॉक से लोग कम खर्चे में बिना किसी परेशानी के गंतव्य तक यात्रा कर सकेंगे। सिटी बस सेवा प्रत्येक सेक्टर के ब्लॉक को जोड़ने का काम करेगी, वहीं ट्राम को हर 30 मीटर चौड़ी सड़क पर चलाने का प्लान है। इसके अलावा फिल्म सिटी और औद्योगिक के अलावा आवासीय सेक्टरों में भी पॉड टैक्सी को लेकर डीपीआर तैयार किया जा रहा है।
यमुना प्राधिकरण अपने क्षेत्र के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों में मेट्रो के साथ-साथ पॉड टैक्सी भी चलाएगी (फाइल फोटो)
बता दें कि, यमुना प्राधिकरण के आवासीय सेक्टर-18 और सेक्टर -20 दोनों करीब 10-10 किमी के क्षेत्र में बसे हुए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे व मुख्य सड़क से घर तक पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा तीन हजार से अधिक कंपनियों को यमुना प्राधिकरण की ओर से जमीन अलॉट की गई है। जबकि कुछ कंपनियों ने तो यहां पर काम करना भी शुरू कर दिया है।
