ग्रेटर नोएडा

Yamuna Expressway: गुड न्यूज! यमुना एक्सप्रेसवे पर जल्द दौड़ेंगी बसें, चल रही तैयारी, जानिए पूरी योजना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 30, 2023, 03:03 PM IST

Bus From Greater Noida To Agra: यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। बहुत जल्द ही यूपी रोडवेज और निजी बसों का संचालन ग्रेटर नोएडा से आगरा के बीच होने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। राज्य सड़क प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेसवे को अपने दायरे में ले लिया है।

Image

ग्रेटर नोएडा से आगरा के बीच यूपी रोडवेज व निजी बसों का यमुना एक्सप्रेसवे पर होगा संचालन

KEY HIGHLIGHTS
  • यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए पांच जिलों से होकर गुजरेंगी बसें
  • यमुना एक्सप्रेसवे को राज्य सड़क प्राधिकरण के दायरे में लाने के बाद बना प्रस्ताव
  • ग्रेटर नोएडा से आगरा के बीच लगभग 20 रोडवेज बसों का हो सकता है संचालन

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे पर यूपी रोडवेज और निजी बसों का संचालन नहीं होता था। यह एक्सप्रेसवे पांच जिलों से होकर गुजरता है। अब इस समस्या का समाधान बहुत जल्द होने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे पर जल्दी ही यूपी रोडवेज की बसें और निजी बसें आम यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बैठक में इस प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने वाली है।

बता दें कि, यूपी का परिवहन विभाग अब प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर निजी बसों के संचालन की भी अनुमति देने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा से आगरा के बीच यमुना एक्सप्रेसवे पर सबसे पहले निजी बसों का संचालन शुरू करने की योजना है। राज्य सड़क प्राधिकरण की बैठक होनी है, जिसमें इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। यमुना एक्सप्रेसवे पर निजी बसों के संचालन की राह में सबसे बड़ा रोड़ा ये था कि एक्सप्रेसवे अभी तक राज्य सड़क प्राधिकरण के अधीन नहीं था। दरअसल, यह एक्स्प्रेसवे एक कंपनी के निजी स्वामित्व में था।

यूपी रोडवेज के साथ चलेंगी निजी बसें

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 11 जनवरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक शासनादेश जारी किया था। जिसके जरिए ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच यमुना एक्सप्रेसवे को राज्य सड़क प्राधिकरण के दायरे में लाया गया। इस शासनादेश के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर यूपी रोडवेज और निजी बसों के संचालन का रास्ता साफ हो गया। बता दें कि, वर्ष 2012 में यमुना एक्सप्रेसवे पर संचालन शुरू किया गया था। अब तक इस महत्वपूर्ण महामार्ग पर यूपी की रोडवेज बसों की सेवाएं शुरू नहीं हो पाई थीं।

इन जिलों के लोगों को भी होगा फायदा

जानकारी के लिए बता दें कि, यमुना एक्सप्रेसवे गौतमबुद्धनगर के साथ –साथ बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और हाथरस के बीच शानदार कनेक्टिविटी मुहैया करवाने का काम करता है। दिल्ली-एनसीआर से लखनऊ की यात्रा करने के लिए भी यह रास्ता महत्वपूर्ण है। राज्य सड़क प्राधिकरण की बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रूट पर बसों के संचालन का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। यूपी रोडवेज ने यमुना एक्सप्रेसवे पर लगभग 20 और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 30 बसों के संचालन का प्रस्ताव रखा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article