Greater Noida News: यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे टप्पल अर्बन सेंटर में प्रदेश का पहला मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क दो वर्ष में बनाकर तैयार करने की योजना है। इसे बनाने वाली कंपनी के चयन के लिए इसी सोमवार को टेंडर निकाले जाएंगे। बता दें कि, यमुना प्राधिकरण को इस परियोजना से हर साल 10 करोड़ रुपये की लाइसेंस फीस मिला करेगी। यमुना प्राधिकरण ने टप्पल अर्बन सेंटर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क बनाने के लिए डीपीआर एक विशेषज्ञ कंपनी तैयार करवा ली है। इस डीपीआर के आधार पर ही रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) और अनुबंध पत्र तैयार करा लिए गए हैं।
यमुना प्राधिकरण की ओर से टप्पल अर्बन सेंटर में किया जाएगा मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण
बता दें कि, लखनऊ में 25 जनवरी को हुई एक बैठक में पीपीपी बिड वैल्यूएशन कमेटी ने आरएफपी और अनुबंध पत्र देखने के बाद इसपर अपनी मुहर लगा दी थी। अब इसी सोमवार को यमुना प्राधिकरण टेंडर निकालने का काम करेगा। टेंडर के आधार पर विकासकर्ता कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। यह मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क हवाई मार्ग, सड़क मार्ग और रेल मार्ग से भी जुड़ा हुआ होगा। यह इलाका जेवर एयरपोर्ट से काफी करीब है।
