Greater Noida News: गौतमबुद्धनगर की बीटा 2 थाना पुलिस ने बावरिया गैंग के अंतरराज्यीय चैन लुटेरे को उसके एक साथी के साथ दबोच लिया है। शातिर लुटेरे पर कुल 35 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इसमें 25 हजार का इनाम गौतमबुद्धनगर पुलिस और 10 हजार का इनाम हरियाणा की करनाल पुलिस ने घोषित किया था। बदमाश पर अलग-अलग राज्यों में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बता दें कि, बीटा 2 थाना पुलिस ने बावरिया गैंग के अंतरराज्यीय लुटेरे बाबू को नवादा गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके एक साथी विक्की को भी दबोच लिया। दोनों जनपद शामली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से 2 तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
कई राज्यों में दर्ज हैं बदमाश पर केस
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, बाबू बावरिया गैंग का अंतरराज्यीय चैन लुटेरा है। यह चैन लूटने की घटनाओं के साथ-साथ अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूटी गई चैन को ठिकाने लगवाने का भी काम किया करता था। बाबू अपने साथियों के साथ मिलकर हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में चैन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देता है। इस पर गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में करीब 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
2022 में एक बार पकड़ा गया था बदमाश
जानकारी के लिए बता दें कि, बीटा 2 थाना क्षेत्र में की गई घटनाओं में शामिल इसके अन्य साथियों को बीटा 2 पुलिस ने मार्च 2022 में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस दौरान बाबू मौके से फरार होने में सफल हो गया था, तभी से यह फरार ही चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने इस पर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया था। वही बाबू ने जनपद करनाल में भी चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इस वजह से जनपद करनाल से पुलिस ने बाबू पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को कई चैन स्नेचिंग मामलों के खुलासे की उम्मीद है।
