ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में कुत्ते का खौफ! खुद को बचाते हुए 10 फीट नीचे गिरी महिला, हालत गंभीर

Dog Attack in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र में एक महिला पर पालतू कुत्ते ने अचानक हमला करने की कोशिश की। जिससे बचने के प्रयास में महिला करीब 10 फीट ऊंचे पोडियम से गिर गई। जिससे महिला की कमर में गंभीर चोटें आई हैं। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र स्थित हाउसिंग सोसाइटी ‘इको विलेज-1’ में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना रविवार देर शाम की है, जब एक महिला अपनी सोसाइटी के पोडियम पर वॉक कर रही थी, तभी अचानक एक पालतू कुत्ते ने उस पर हमला करने की कोशिश की। जिससे खुद को बचाने के प्रयास में महिला असंतुलित होकर करीब 10 फीट ऊंचे पोडियम से नीचे गिर गई।

महिला की कमर में आई चोट

बताया जा रहा है कि गिरने के कारण महिला के कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए सीसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। कई निवासियों ने मामले को लेकर चिंता जाहिर की और पालतू जानवरों की देखभाल में लापरवाही को लेकर सवाल उठाए।

सोसायटी में जानवरों को लेकर कड़े नियमों की मांग

सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कुत्ता अचानक महिला की ओर भागता है और वह खुद को बचाते हुए पोडियम से गिर जाती है। हालांकि, अभी तक महिला के परिजनों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सोसाइटी में ऐसे जानवरों पर नियंत्रण रखने के लिए कड़े नियम बनाए जाएं, जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी आवारा पशुओं के आतंक से कई सोसाइटी में लोग परेशान थे और अब यह मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर लोग सशंकित हैं और इस पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाओं में लोगों, यहां तक कि बच्चों को भी चोटें आ चुकी हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article