ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जाम से मुक्ति दिलाने का एक और प्रयास, 8 जगहों पर लगेंगे Traffic Signals

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लोगों को रोज लंबे-लंबे ट्रैफिक जाम में फंसने को मजबूर होना पड़ रहा है। यहां सड़कों पर छुट्टी के दिन भी दिनभर जाम की समस्या रहती है। कई जगह गोल चक्कर बंद करके यूटर्न बनाए गए हैं, लेकिन जाम से मुक्ति नहीं मिली। अब 8 जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाने की तैयारी है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग रोज जाम से जूझ रहे हैं

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • जाम से निजात दिलाने के लिए लिया गया फैसला
  • नोएडा एक्सटेंशन में अभी किसी गोलचक्कर पर सिग्नल नहीं
  • नए कट और यूटर्न के विकल्प भी तलाशे जाएंगे

Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट से लोग लंबे समय से जाम से जूझ रहे हैं। यहां के लोग लगभग रोज ही जाम की समस्या को सोशल मीडिया के माध्यम से शासन और प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। www.timesnowhindi.com में हम भी लगातार यहां की समस्याओं को उठाते रहते हैं। हाल ही में हमने अपने खबर में नोएडा के गोल्फ कोर्स गोल चक्कर (Noida Golf Course Roundabout ) की तरह ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गोल चक्करों पर भी रेड लाइट (Traffic Signals) लगाकर ट्रैफिक जाम से मुक्ति का रास्ता सुझाया था। (ऐसे मिलेगी ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जाम के झाम से मुक्ति) आखिर अब शासन और प्रशासन ने इस ओर कदम उठाया है। अब नोएडा एक्सटेंशन (Noida Extension) के गोल चक्करों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाकर यहां के निवासियों और यहां से गुजरने वालों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलायी जाएगी।

दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार इसके लिए चार मूर्ति चौक (Char Murti Chowk), इटेड़ा चौक (Itehra Chowk) और एक मूर्ति गोल चक्कर (Ek Murti Chowk) जैसे कुल 8 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस की मदद से ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने उन स्थानों को चिह्नित कर लिया है और प्राधिकरण ने भी अब इन गोल चक्करों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।

गोल चक्करों पर लगने वाले सिग्नल्स का खर्चा ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की तरफ से किया जाएगा। इसके अलावा पूरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कई अन्य जगहों पर नए कट और यू-टर्न का विकल्प भी तलाशा जा रहा है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गोल चक्करों पर अी ट्रैफिक सिग्नल्स की व्यवस्था नहीं, जबकि नोएडा में यह व्यवस्था अच्छे से काम कर रही है।

Traffic-jam-greater Noida west

तमाम गोल चक्करों पर लगा रहा जाम

रोज वही जाम का झाम

विशेषतौर पर सेंट्रल नोएडा से पर्थला सिग्नेचर ब्रिज क्रॉस करके ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले लोगों को रोज शाम को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है। यहां सिग्नेचर ब्रिज पार करते ही जाम लग जाता है और कई बार चार मूर्ति चौत तक के इस करीब 2 किमी के पैच में लोग एक-डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं। इसके अलावा सुबह के समय भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सूरजपुर या परी चौक की तरफ से आने वाले वाहनों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। नोएडा एक्सटेंशन की तमाम सोसाइटियों में लगातार आबादी बढ़ रही है, जिसके कारण यहां ट्रैफिक जाम की समस्या और भी विकट रूप लेती जा रही है।

इन जगहों पर लगाए जाएंगे ट्रैफिक सिग्नल्स

ग्रेटर नोएडा में इन 8 स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगाकर लोगों को ट्रैफिक जाम के झाम से मुक्ति दिलाने का प्लान प्रशासन ने बनाया है। इन जगहों के नाम इस प्रकार हैं -
  • चारमूर्ति गोल चक्कर
  • इटेड़ा गोल चक्कर
  • एकमूर्ति गोल चक्कर
  • हनुमान मंदिर गोल चक्कर
  • निराला (डी मार्ट) गोल चक्कर
  • तिलपता चौक
  • यथार्थ अस्पताल गोल चक्कर
  • एटीएस गोलचक्कर

CEO ने जल्द काम शुरू करने का निर्देश दिया

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ ने संबंधित अधिकारियों से इस पर जल्द से जल्द काम शुरू करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि इन गोल चक्करों और चौकों पर ट्रैफिक सिग्नल्स लगने से ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहेगा। पहले चरण में उन जगहों का चुनाव किया गया है, जहां पर ट्रैफिक सिग्नल्स की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस की जा रही है और लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं।

अंडरपास का काम भी जल्द शुरू होगा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के प्रमुख चौराहे यानी चार मूर्ति चौक के पास अंडरपास का निर्माण कार्य भी होना है। यहां जाम की समस्या स्थायी है और इससे निजात दिलाने के लिए यहां अंडरपास निर्माण किया जाना है। अब अंडरपास निर्माण की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। यहां से गुजरने वाली गैस पाइप लाइन, बिजली के खंबे और पेड़ों को शिफ्ट करने का काम पूरा होने के बाद यहां पर NH24 से परी चौक की तरफ को अंडरपास का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article