Lift stuck in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में बुधवार को एक 55 वर्षीय व्यक्ति लिफ्ट में फंस गया। लाइट चले जाने के कारण वे करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में ही फंसे रहे। जिसके बाद मेंटेनेंस टीम के कर्मचारी आए और लिफ्ट को खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
लिफ्ट में अलार्म बजाने पर भी नहीं मिली मदद
यह मामला बिसरखा थाना क्षेत्र के ला रेजिडेंशिया सोसायटी का है। बुधवार को सोसायटी निवासी मनोहर लाल अग्रवाल नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। थोड़ी देर बाद ही लिफ्ट दो फ्लोर के बीच में अटकने से वे लिफ्ट में ही फंस गए। उनका आरोप है कि लिफ्ट में लगे अलार्म को बजाने पर भी कोई मदद नहीं मिली। लिफ्ट में फंसने के बाद उन्होंने मेंटेनेंस प्रबंधन को भी फोन करके सूचित किया। लेकिन 10 मिनट बीतने पर भी मदद के लिए कोई नहीं आया। लिफ्ट में फंसने के करीब 20 मिनट बाद मेंटेनेंस टीम के कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाला
लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही
सोसायटी के लोगों के अनुसार आए दिन लिफ्ट में लोगों के फंसने के मामने देखने को मिल रहे हैं। लिफ्ट में फंसने के बाद समय पर मदद नहीं मिलती। लिफ्ट में दिए सुरक्षा उपकरण भी काम नहीं करते हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। सोसायटी के लोगों ने लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
