Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी के बेसमेंट में आज देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में वहां खड़े कई वाहन जलकर राख हो गए। आग लगने के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर बुझाने में जुट गई। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ट्विटर के माध्यम से फायर विभाग को मिली जानकारी
यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र की है। जहां स्थित फ्यूजन होम्स सोसाइटी की बेसमेंट में आग लगी। इस दौरान बेसमेंट में कई गाड़ियां खड़ी थी। बेसमेंट में आग लगने की खबर सुनते ही सोसाइटी के निवासियों में दहशत फैल गई। नोएडा के सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि उन्हें ट्विटर के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद फायर यूनिट तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था।
पटाखे और रॉकेट जलाने से लगी आग
फायर टीम द्वारा पूछताछ में घटनास्थल पर मौजूद गार्ड ने बताया कि सोसाइटी के कुछ बच्चे पटाखे और रॉकेट जला रहे थे, जो शापट में गिर गई। जिसकी वजह से बेसमेंट में आग आग भड़क उठी। इस हाजसे में तीन बाइक पूरी तरह से जलकर राख हो गईं हैं, जबकि तीन कारों के टायर भी जल गए हैं। सीएफओ ने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। साथ ही सोसाइटी में भी शांति व्यवस्था कायम है।
