दशहरा और दिवाली के साथ ही अन्य कई बड़े त्योहार नजदीक हैं। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जगमगाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण की ओर से इसकी जिम्मेदारी ACEO प्रेरणा सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने मंगलवार और बुधवार की रात सड़कों पर उतरकर अलग-अलग जगहों पर स्ट्रीट लाइटों का जायजा लिया।
दिवाली से पहले जलने लगेंगी सभी स्ट्रीट लाइट
ACEO प्रेरणा सिंह के निरीक्षण के दौरान औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-3 में 50 से ज्यादा स्ट्रीट लाइट बंद पायी गईं। कई अन्य स्थानों पर भी अव्यवस्था मिली। रोशनी के त्योहार दीपावली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों का जलना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के दफ्तर में इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है और इस पर लगातार नजर रखी जा रही है। ईकोटेक-3 में मंगलवार को स्ट्रीट लाइट बंद मिलने पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने रखरखाव का काम देखने वाली कंपनी से नाराजगी भी जताई।
अब उम्मीद की जानी जारिए कि दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के क्षेत्र में कहीं भी कोई डार्क जोन नहीं होगा। जहां अभी डार्क जोन हैं, वहां भी लाइट की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके अलावा मुख्य सड़कों और अंदरूनी मार्गों पर स्ट्रीट लाइट की अच्छी व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके बावजूद अगर कहीं स्ट्रीट लाइट न जल रही हो तो उसके संबंध में आप शिकायत कर सकते हैं।
