Greater Noida West Traffic Jams: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए 130 मीटर रोड पर इटेड़ा के पास बन रहे यूटर्न का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। उम्मीद है कि अगले महीने यह चालू हो जाएगा। इसके बनने से वाहन चालकों को इटेड़ा, शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक की तरफ जाने में काफी सहूलियत होगी।
पर्थला फ्लाईओवर खुलने के बाद से 130 मीटर रोड स्थित सभी गोल चक्करों पर जाम लगता है। इससे निजात पाने के लिए कराए गए सर्वे में इटेड़ा गोल चक्कर को बंद कर गोल चक्कर के दोनों तरफ यूटर्न का इस्तेमाल कर ट्रैफिक को डायवर्ट करने की सहमति बनी थी।
यू टर्न का कार्य अंतिम चरण में
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड पर इटेड़ा के पास निर्माणाधीन यू टर्न का काम अंतिम चरण में है। अगले 10-15 दिनों में इसे चालू कर दिया जाएगा। इसके बनने के बाद क्रॉसिंग रिपब्लिक, शाहबेरी और इटेड़ा की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-16 बी पेट्रोल पंप के सामने बने यूटर्न का इस्तेमाल कर चार मूर्ति गोल चक्कर की तरफ जाएंगे। वहीं, एक मूर्ति गोल चक्कर की तरफ से आने वाले वाहन शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक जाने के लिए इटेड़ा गोल चक्कर के आगे चार मूर्ति की तरफ बने यूटर्न का इस्तेमाल करेंगे। बता दें प्राधिकरण की गौर सिटी के आसपास जाम खत्म करने के लिए अंडरपास बनाने की भी योजना है। इसके लिए कवायद चल रही है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए यहां रेड लाइट की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि गोल चक्कर हटाकर रेड लाइट लगाई जाए। गौर चौक पर रोज जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए 130 मीटर पर नए लेन का निर्माण किया जा रहा है। इसे बस-वे के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक मूर्ति रोटरी से औद्योगिक सेक्टर-12 और सैनी गांव तक लगभग 4.5 किलोमीटर लंबे बस-वे का निर्माण तेजी से चल रहा है। भविष्य में इसका विस्तार भी किया जाएगा।
