नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए खुशखबरी है। एक तरफ जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तेजी से आकार ले रहा है और जल्द ही यहां से उड़ान सेवा शुरू होने वाली है। दूसरी तरफ एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाया जा रहा है। विशेषतौर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आने वाले लोग तेजी से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ आने वाले यात्रियों को जाम के झाम में न फंसना पड़े, इसके लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अथॉरिटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली 130 मीटर सड़क को चौड़ा करेगी। इस 27 किमी लंबी रोड का 8 किमी के हिस्से को पहले ही चौड़ा किया जा चुका है। अब इस रूट पर 9 किमी हिस्से को और चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए 50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी उम्मीद है कि जनवरी 2025 में इस पर काम शुरू हो जाएगा।
ट्रैफिक जाम से बचने का उपाय
नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट से हजारों लोग हर रोज ग्रेटर नोएडा की तरफ सफर करते हैं। अभी इस रूट पर लोगों को कई जगह ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां ट्रैफिक का दबाव और ज्यादा बढ़ेगा। इसी दबाव को कम करने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की ओर से 130 मीटर रोड को चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। जैसा कि हमने ऊपर ही बताया 8 किमी हिस्से को चौड़ा किया जा चुका है। इसी तरह से इस रोड को अलग-अलग चरणों में चौड़ा किया जा रहा है।
6 महीने में पूरा होगा काम
पहले चरण में 8 किमी के हिस्से का चौड़ीकरण हो चुका है, लेकिन दूसरे फेज का काम जनवरी 2025 में शुरू होने की उम्मीद है। टेंडर अलॉट होने और काम शुरू होने के बाद 6 महीने में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। 9 किमी के हिस्से का काम पूरा होने के बाद फिर 10 किमी के हिस्से पर काम शुरू कराया जाएगा
