Greater Noida: डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेल और लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेल और लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और एक आईफोन भी बरामद किया है। ये आरोपी डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को मिलने के बहाने बुलाकर उन्हें अवैध हथियार से डराते और लूटपाट करते थे।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी पुलिस ने 'ग्राइंडर गे डेटिंग ऐप' से लोगों को फंसाकर रुपए ऐंठने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से अवैध हथियार और एक आईफोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ग्राइंडर गे ऐप के जरिए समलैंगिक पुरुषों को मिलने के बहाने बुलाते थे। फिर उन्हें अवैध हथियार दिखाकर डराते और उनके मोबाइल से यूपीआई ट्रांजैक्शन के ज़रिए पैसे ऐंठते थे।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को इस गैंग ने एक व्यक्ति को स्टेलर जिमखाना सोसाइटी (नॉलेज पार्क) के पास से अपनी कार में बैठाया और अवैध हथियार दिखाकर धमकाया। इसके बाद उससे 79,000 रुपये बार यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर करवाए। इस रकम से आरोपियों ने एक काले रंग का आईफोन 15 प्रो (कीमत 64,000) खरीदा और 15,000 नकद रखा। इसके अलावा, पीड़ित से 24,500 एक कैफे के बार कोड पर ट्रांसफर करवाकर बाद में नकद निकाल लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने हापुड़ में भी इसी तरह की एक वारदात को अंजाम दिया, जिसमें 25,000 रुपए और एक सोने की चेन लूटी गई थी। पुलिस को शक है कि इनसे जुड़ी और भी वारदातें हो सकती हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

End of Feed