ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर लगातार ट्रैफिक का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसी रोड पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई बड़ी-बड़ी सोसाइटी हैं, जहां के लोग नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा जाने के लिए भी इस रोड का इस्तेमाल करते हैं। इस रोड पर ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए यहां एक बस लेन बनाने काम किया जा रहा है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इसका काम तेज कर दिया गया है। बता दें कि मौजूद 130 मीटर सड़क से अलग एक नई लेन का निर्माण कार्य यहां पर चल रहा है।
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अनुसार बस लेन के निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। अथॉरिटी ऑफिस के पास स्थित गोल चक्कर से सेक्टर पाई गोल चक्कर तक मुख्य सड़क के दोनों ओर इस बस लेन (Bus Bay) का निर्माण कार्य चल रहा है। इस हिस्से की लंबाई एक किमी से कुछ अधिक है।
भविष्य में इसे और आगे बढ़ाने की योजना है। अथॉरिटी में सीनियर मैनेजर नरोत्तम सिंह का कहना है कि अब तक लगभग 17 किमी लंबे बस लेन का निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका है।
बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर आने वाले दिनों में ट्रैफिक का दबाव और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। खासतौर पर ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चालू होने के बाद इस रोड पर ट्रैफिक का दबाव और भी ज्यादा बढ़ जाएगा। यही कारण है कि यहां बस लेन बनाने के काम को तेज कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि 130 मीटर चौड़ी सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति चौक से ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव तक बनी है। इस रोड की कुल लंबाई 27 किमी है। आने वाले समय में इस रोड को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र तक यानी यमुना एक्सप्रेसवे पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक आगे बढ़ाए जाने की योजना है।
