Delhi Border Beautification Work: देश की राजधानी दिल्ली में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों को आकर्षक रूप मिलने वाला है। दिल्ली सरकार ने प्रमुख प्रवेश द्वारों के सौर्दर्यीकरण की योजना बनाई है। जिसके पहले चरण में छह बॉर्डर गेट को खूबसूरत बनाया जाएगा। जिसमें आनंद विहार, अप्सरा बॉर्डर, मयूर विहार फेज-एक, बदरपुर, गुरुग्राम बॉर्डर और टीकरी बॉर्डर शामिल हैं। इस योजना के तहत दिल्ली के हर बॉर्डर को अलग-अलग डिज़ाइन और आकार दिया जाएगा। जिसमें रोशनी और हरियाली की खास व्यवस्था रहेगी। हर बॉर्डर के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जिससे लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने पर राजधानी की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिल सके। दिल्ली सरकार की इस योजना का उद्देश्य दिल्ली के बॉर्डरों को आकर्षक बनाकर राजधानी की पहचान को मजबूत बनाना है।
इन बॉर्डरों के लिए टेंडर जारी
दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल दिल्ली के बॉर्डर से प्रवेश करते समय ऐसा महसूस नहीं होता है कि राजधानी में आए हैं। वहीं पड़ोसी राज्यों में जाने पर बॉर्डर से प्रवेश करते ही ऐसा एहसास होता है। दिल्ली बॉर्डर के सौंदर्यीकरण की योजना पर दिल्ली पर्यटन व परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) और पीडब्ल्यूडी मिलकर काम करने वाले हैं। इस योजना के तहत PWD ने मयूर विहार फेज-वन के बॉर्डर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.82 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। जिसके तहत सिविल, उद्यान और इलेक्ट्रिक से जुड़ा काम किया जाएगा। वहीं टीकरीकलां बॉर्डर के लिए 12 करोड़ रुपये अनुमानित खर्च तय किया गया है।
इस वजह से परियोजना में हुई देरी
दिल्ली बॉर्डर के सुंदरीकरण कार्य में राष्ट्रपति भवन, इंडिया गेट, दांडी मार्च जैसे राजधानी के प्रमुख स्मारकों को कलात्मक रूप में दिखाया जाएगा। साथ ही मेट्रो लाइन के आसपास के एरिया का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा और बागबानी पर भी खास फोकस रहेगा। दिल्ली सरकार की इस परियोजना को 25 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ वित्त वर्ष 2019-20 के बजट में शामिल किया गया था। लेकिन दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन (डीयूएसी) ने योजना के कुछ बिंदुओं पर आपत्ति जताई थी। इसके अलावा कोरोना महामारी के चलते भी इस प्रोजेक्ट में देरी हुई। हालांकि डीयूएसी ने बाद में प्रोजेक्ट में जरूरी सुधारों के बाद इसे हरी झंडी दे दी। मगर बाद में यह परियोजना रुक गई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
