Greater Noida Traffic: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शाहबेरी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के चलते इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। लेकिन शाहबेरी मार्ग के बंद होने से लोगों को काफी समस्या हो रही है। इस मार्ग के बंद होने के कारण लोग 10 मिनट का सफर दो घंटे में तय कर पा रहे हैं। शाहबेरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद होने से खासतौर पर गाजियाबाद आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इन रास्तों से होकर जा रहे लोग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी से गाजियाबाद जाने वाले मार्ग को चौड़ी करने के लिए 25 मार्च 2025 से काम शुरू हुआ है। जिसके कारण 20 दिनों तक इस रूट को बंद किया गया है। इस दौरान लोग वैक्लपिक मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। रूट डायवर्जन के कारण वाहन चालक ताज एक्सप्रेसवे होते हुए गाजियाबाद की ओर जा रहे हैं। वहीं कुछ लोग गौड़ सिटी-2 के अंदर से होते हुए क्रॉसिंग रिपब्लिक की ओर जा रहे हैं। लेकिन यहां से भी जाम लगने से लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि शाहबेरी के लोगों के आने-जाने के लिए एक ओर से से रास्ता खुला छोड़ा गया है।
जाम ने किया लोगों को परेशान
गौड़ सिटी-2 निवासी एक युवक ने बताया कि गौड़ सिटी और आसपास की कई सोसाइटी के लोगों का कामकाज के चलते गाजियाबाद आना-जाना होता रहता है। लेकिन शाहबेरी मार्ग बंद होने की वजह से उनका 10 मिनट का सफर 2 घंटे में तय हो रहा है। लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी शाम के समय हो रही है। इस दौरान सोसाइटी से बाहर बाजार तक जाने पर भी लोगों को जाम झेलना पड़ रहा है। गौड़ सिटी-1 के एक निवासी ने कहा कि शाहबेरी रूट के बंद होने की वजह से जाम बढ़ गया है, उन्हें घर पहुंचने के लिए भारी जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं क्रॉसिंग रिपब्लिक में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मंगलवार शाम को उन्हें 10 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे का समय लगा। इसके लिए उन्हें ऑटो चालक को 200 रुपये अधिक देने पड़े।
