Greater Noida Blast: ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर के रामपुर माजरा गांव में गंधक और पोटाश से पटाखे बनाते वक्त जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट में दो किशोर घायल हो गए। इनमें से एक किशोर (17) को दोनों हाथ गंवाने पड़ गए। अस्पताल में किशोर का ऑपरेशन हुआ है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर किशोर की जान बचाने के लिए एक हाथ को कलाई तक और दूसरे हाथ की सभी उंगलियों को काटना पड़ा। गलत तरीके से पटाखे बनाने के शौक ने किशोर और परिजनों को जिंदगी भर दर्द दे दिया है।
ग्रेटर नोएडा में पटाखे बनाते समय दो किशोर गंभीर रूप से झुलसे (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जानकारी के अनुसार, रामपुर माजरा गांव की पूर्व प्रधान शोभा भाटी का 12 साल का लड़का और 17 साल का भतीजा घर की छत पर रविवार को पटाखा बनाने के लिए गंधक-पोटाश को इमाम दस्ते में कूट रहे थे।
किशोर का एक हाथ कलाई तक तो दूसरे की सभी उंगलियां काटनी पड़ी
इस दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट होने से दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। 17 साल का किशोर 11वीं कक्षा का छात्र है। परिजनों के अनुसार, पीड़ित किशोर क्रिकेट भी अच्छा खेलता है। किशोर को विस्फोट के दौरान दोनों हाथों में चोट आई है, जबकि चेहरा भी जख्मी हो गया। डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन जान बचाने के लिए एक हाथ को कलाई तक और दूसरे हाथ की सभी उंगलियों को काटना पड़ा। जबकि 12 वर्षीय किशोर का विस्फोट में चेहरा झुलस गया है।
गांवों में पटाखे के रूप में गंधक-पोटाश का प्रयोग
आपको बता दें कि, पटाखों पर बैन के बाद अब कस्बों और गांवों में पटाखे के रूप में गंधक-पोटाश का प्रयोग किया जा रहा है। यह पटाखों से भी सस्ता पड़ता है। साथ ही तेज आवाज का होता है। रोक के बावजूद यह आसानी से परचून की दुकानों पर मिल जाता है। पटाखों की बिक्री बंद होने से गांवों में इसका चलन काफी बढ़ा है। दनकौर थाना प्रभारी राधा रमन सिंह का कहना है कि, सभी तरह के विस्फोटक पदार्थों पर प्रतिबंध है। कई दुकानदार चोरी छिपे विस्फोटक बेच रहे हैं। विस्फोटक सामग्री बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
