Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा के दादूपुर गांव में आज सुबह आग का तांडव देखने को मिला। जहां आग ने किसानों की महीनों की मेहनत को जलाकर राख कर दिया। दादूपुर गांव में सोमवार सुबह खेत में अचानक आग लग गई। जिसमें करीब 5 बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि अभी आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है।
खेतों में तेजी से फैली आग
यह घटना आज सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार खेतों में अचानक आग लगने के बाद यह तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत भी की, लेकिन उन्हें सफलता नही मिली। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई। लेकिन तब तक लाखों की फसल जलकर राख हो गई।
6 किसानों की फसल तबाह
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया गया। इस घटना में 6 किसानों की करीब 5 बीघा गेहूं की फसल पलभर में तबाह हो गई। नोएडा पुलिस ने बताया कि आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस और प्रशासन इस घटना में हुए किसानों के नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
