ग्रेटर नोएडा

नोएडा एक्सटेंशन के लाखों लोगों की टेंशन का होगा अंत, यहां एलिवेटेड रोड बनाकर जाम से मुक्ति दिलाएगा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा के लोगों की परेशानी का अंत होने वाला है। प्राधिकरण ने आखिरकार नोएडा एक्सटेंशन के लाखों लोगों की टेंशन का हल ढूंढ़ लिया है और जल्द ही इस पर काम भी शुरू हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा के लोगों का गाजियाबाद और दिल्ली जाना आसान हो जाएगा।

Image

एलिवेटेड रोड बनने से मिलेगी जाम से मुक्ति (फोटो - AI Image)

अगर आप ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन में रहते हैं या शाहबेरी के रास्ते NH24 की ओर आपका अक्सर आना-जाना होता है तो आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने शाहबेरी से NH-24 तक लगभग 4 किमी लंबी 4 लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना को अंतिम रूप दे दिया है।

यानी अब जल्द ही शाहबेरी में एलिवेटेड रोड का काम शुरू होने की उम्मीद है। एक बार यह एलिवेटेड रोड बन गई तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों का NH-24, गाजियाबाद और दिल्ली की ओर आना-जाना आसान हो जाएगा।

यह परियोजना ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गाजियाबाद के बीच यात्रा करने वाले लगभग 5 लाख लोगों को बहुत अधिक राहत देगी, जो वर्षों से जाम की समस्या का सामना कर रहे हैं। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने जानकारी दी कि इस एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 400 करोड़ रुपये है।

शाहबेरी रोड पर ट्रैफिक का बहुत अधिक दबाव है, खासतौर पर पिक ऑवर्स में, जिससे यहां लंबा जाम लग जाता है और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सड़क का चौड़ीकरण और नाले का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिसके लिए अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का मानना है कि एलिवेटेड रोड न सिर्फ जाम की समस्या को हल करेगी, बल्कि यात्रा के समय को भी काफी कम कर देगी। यह सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद से सीधे जोड़ने में मदद करेगी और भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक को संभालने में काफी ज्यादा सहायक साबित होगी।

प्राधिकरण के आला अधिकारियों के अनुसार शाहबेरी में सड़क चौड़ी होने के तुरंत बाद एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। बता दें कि अभी शाहबेरी रोड को बंद किया गया है, जिसे अभी चौड़ा करने का काम किया जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article