इन दिनों शहरों ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी फास्ट-फूड का चलन काफी तेजी से बढ़ा है। खासतौर पर मोमोज को लेकर तो दीवानगी अलग ही तरह की है। लेकिन कई बार यही दीवानगी मुसीबत का कारण भी बन जाती है। ग्रेटर नोएडा में ऐसा ही कुछ हुआ, जहां मोमोज खाने से चार लोग बीमार हो गए।
घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-2 की है। यहां एक ही परिवार के चार लोग मोमोज खाने से बीमार हो गए। उन्होंने यहां के सेक्टर अल्फा-1 की कॉमर्शियल बेल्ट के एक फूड स्टॉल से मोमोज खरीदकर खाए थे। बीमार होने के बाद अब उनका यहां एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विनय कसाना नाम के व्यक्ति का परिवार ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू-2 में रहता है। विनय ने बताया कि 25 मई की शाम उन्होंने सेक्टर अल्फा-1 की कॉमर्शियल बेल्ट में मौजूद एक फू स्टॉल से मोमोज खरीदे थे। मोमोज खाने के बाद उनकी सेहत बिगड़ गई। कुछ ही देर बाद उनकी मां मुनीता के अलावा परिवार के दो अन्य सदस्य पारुल और दीपिका की सेहत भी बिगड़ गई।
परिवार के चारों लोगों को पेट में दर्द के साथ ही उल्टी-दस्त की समस्या हो रही थी। इसके अगले दिन सुबह सभी को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मोमोज खाने से उनके पेट में इंफेक्शन हो गया। कल यानी गुरुवार 29 मई को पीड़ित परिवार ने इस बारे में कलेक्ट्रेट में खाद्य विभाग से शिकायत की।
