Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। आरोपी के पास तमंचा, कारतूस, एक स्कूटी और आईफोन बरामद किया गया है।
गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़
पुलिस को देखकर भागने लगा स्कूटी सवार
पुलिस के मुताबिक, आज तड़के करीब चार बजे डीएलएफ चौकी प्रभारी टीम के साथ भगत सिंह चौक पर गश्त और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान विक्रम एन्क्लेव के रैन बसेरे की ओर से डीएलएफ क्षेत्र में एक स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने अचानक स्कूटी मोड़कर भागने की कोशिश की। भागते समय कब्रिस्तान के मोड़ पर उसकी स्कूटी फिसलकर गई। इसके बाद वह वाहन छोड़कर कब्रिस्तान के अंदर जाने वाली गली की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस को पीछे आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी पर गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे कब्रिस्तान के अंदर से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अमजद के रूप में हुई है। वह लोनी के प्रेम नगर में 20 फुटा रोड का निवासी है।
दिल्ली से चोरी की गई थी स्कूटी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा स्कूटी और एक आईफोन भी मिला। जांच में पता चला कि स्कूटी दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।पुलिस के अनुसार, अमजद के खिलाफ गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
