लोनी : ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के इलायचीपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया। जांच में पता चला कि महिला अपने पुरुष मित्र के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना के बाद से उसका साथी फरार है। पुलिस विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर हत्या या आत्महत्या से जुड़े पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस महिला और उसके प्रेमी के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।
लोनी मर्डर केस
अक्सर प्रेमी से मिलने आती थी महिला
दरअसल, गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से थाना ट्रॉनिका सिटी पर एक सूचना प्राप्त हुई कि सिग्नेचर सिटी चौकी अंतर्गत इलायचीपुर क्षेत्र में एक मकान में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर तत्काल थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने बताया कि उक्त मकान में फैजुल उर्फ इमरान नामक व्यक्ति किराए पर रहता था, जिससे मिलने के लिए करीब 40 वर्ष की महिला अक्सर उस मकान में आती-जाती रहती थी। मृतका की शिनाख्त के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल, फैजुल उर्फ इमरान फरार है, उससे कोई संपर्क नहीं है। पुलिस महिला और उसके प्रेमी के बारे में पता लगाने में जुटी है। घटना के खुलासे के लिए 2 टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल, अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है ।
