गाजियाबाद

'अवैध कालोनियों को खत्म कर गाजियाबाद को प्लांड शहर बनाने के लिए काम होगा'

कौशाम्बी में आयोजित हुए क्रेडाई गाजियाबाद कॉन्क्लेव में बेहतर गाजियाबाद बनाने पर मंथन हुआ। गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण, मंत्री नरेंद्र कश्यप और सांसद अतुल गर्ग ने बेहतर गाजियाबाद के लिए साथ देने का भरोसा दिया। कॉन्क्लेव में अफोर्डेबल हाउसिंग के साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर भी चर्चा हुई।

Image

क्रेडाई कॉन्क्लेव में बेहतर गाजियाबाद पर हुई बात

गाजियाबाद के कोशाम्बी में क्रेडाई कॉन्क्लेव 2025 'गाजियाबाद @2035- सोच, चुनौतियां और उम्मीदें' का आयोजन किया गया। इस दौरान गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा, गाजियाबाद भी नोएडा और लखनऊ की ही तरह उत्तर प्रदेश के बेहतरीन शहरों में से एक है। यहा कुछ ऐसे कदम उठाए जाने की जरूरत है, जो इसे देश में सबसे बेहतर शहर बनाए।

उन्होंने कहा, क्रेडाई का ये कॉन्क्लेव सरकार और डेवलपर्स के बीच कोऑर्डिनेशन बढ़ाने के लिए बहुत बेहतर कदम है। कॉन्क्लेव में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, गाजियाबाद के विकास, एम्प्लॉयमेंट जेनरेशन और लोगों को घर देने में क्रेडाई की भूमिका व 2035 में गाजियाबाद आदि विषयों पर चर्चा की गई।

कॉन्क्लेव का आयोजन कौशाम्बी के होटल रेडिसन में क्रेडाई गाजियाबाद की तरफ से किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि दिल्ली का सरोजिनी नगर और मुंबई का भिवंडी बाजार री-डेवलपमेंट के ऐसे उदाहरण हैं जिनमें पुराने विकास को तोड़कर बेहतर नई कॉलोनी बसाई जा रही है। उन्होंने कहा, वह आज यहां से निकलकर इसी तरह के प्लान को गाजियाबाद में लागू करने की कोशिश करेंगे, जिससे यहां की अवैध कालोनियों को खत्म कर प्लांड शहर बनाया जा सके।

क्रेडाई गाजियाबाद के अध्यक्ष विपुल गिरी ने कहा कि सरकार और रियल एस्टेट सेक्टर के बीच इस कॉन्क्लेव से एक पुल का निर्माण हुआ है। इस कॉन्क्लेव के पीछे सिर्फ एक ही लक्ष्य है, गाजियाबाद का सुनियोजित विकास और आज जिस तरह से सरकार के मंत्रियों से आश्वासन मिला है, उम्मीद है कि जल्द ही बेहतर गाजियाबाद देखने को मिलेगा।

राज्य सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि एलिवेटेड रोड, रैपिड ट्रेन, मेट्रो जैसी चीजों ने गाजियाबाद को देश के बेहतरीन शहरों में से एक बना दिया है, लेकिन आज के कॉन्क्लेव से विकास का एक नया रास्ता निकलेगा। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि ऐसे नियम कानून बनने चाहिए, जिससे स्लम कम हों और बेहतर शहर बनें। इसके लिए रियल एस्टेट के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बेहद जरूरी है।

कॉन्क्लेव में प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप, मेरठ मंडल आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर, डीएम गाजियाबाद दीपक मीना, जीडीए वीसी अतुल वत्स, डीसीपी निमिष पाटिल, चीफ इंजीनियर नगर निगम एनके चौधरी, डीएलसी गाजियाबाद अनुराग मिश्रा आदि ने शिरकत की। इनके अलावा जीडीए सचिव आरके सिंह, क्रेडाई नेशनल के चेयरमैन मनोज गौड़, गौरव गुप्ता, पंकज कुमार जैन, राकेश अग्रवाल, पीसी गुप्ता, राघव गर्ग, प्रवीण त्यागी और गिताम्बर आनंद आदि लोग मौजूद रहे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article