Ghaziabad News: यूपी में खाने में थूकने और मिलावट करने वालों के खिलाफ लंबे समय से कार्रवाई की जा रही है। कई नए नियम भी लागू किए गए हैं, लेकिन खाने में थूककर और मिलावट करने वालों पर इसका कोई खास असर नहीं दिख रहा है। खाने में थूकने के मामलों रुकते नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गाजियाबाद में मोदीनगर के दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित एक होटल से सामने आया है। इस मार्ग पर तेल मिल गेट के सामने नाज चिकन प्वाइंट होटल है, जिसमें थूककर रोटी बनाने का खबर मिली है। रेस्टोरेंट में खाना खाने गए एक युवक ने इस पूरी घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने होटल मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थूक लगाकर रोटी बनाने का नया मामला
दिल्ली मेरठ-मार्ग पर स्थित नाज चिकन का संचालन सिखैड़ा हजारी गांव के निवासी अनुज कुमार द्वारा किया जा रहा है। इसमें मुंडाली के मऊ खास गांव के निवासी तालिब और बागपत गांव का एक किशोर काम करता था। बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय किशोर होटल में रोटी बनाने का काम करता था। गोविंदपुर के रहने वाला एक युवक अपने दोस्तों के साथ इस होटल पर खाना खाने गया था। तभी उसने किशोर को रोटी पर थूक लगाकर बनाते हुए देखा। इस घटना को देखते ही युवक ने इसकी एक वीडियो बनाई और सोशल मीडिया पर इसे वायरल कर दी।
होटल मालिक समेत दो गिरफ्तार
इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने थूककर खाना बनाने को लेकर रिपोर्ट दर्ज की। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि इस मामले को लेकर होटल के संचालन और उसमें काम करने वाले तालिब को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी।
