गाजियाबाद

मेरठ में बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

मेरठ में सोमवार देर रात को पुलिस ने बाइक सवार तीन बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वे भागने लगे, पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली गल गई। जिससे वे घायल हो गए। साथ ही इनके पास से एक बाइक और दो तमंचे भी बरामद हुए हैं।

Image

बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़

Meerut Police Encounter: मेरठ में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक इनामी अपराधी और उसके दो साथी गिरफ्तार हुए हैं। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनामी बदमाश मोनू उर्फ मोहन गिरी ग्राम पोहल्ली निवासी लाखन सिंह (27) की आठ जून को अपहरण कर गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित था। इसके दो साथी भी शातिर किस्म के अपराधी हैं।

बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात कंकरखेड़ा थाने की पुलिस की एक टीम लाला मोहम्मदपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर जांच कर रही थी। जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि इनामी बदमाश मोनू उर्फ मोहन गिरी (गाजियाबाद) एक बाइक से अपने दो साथियों के साथ आ रहा है। सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, तभी लाला मोहम्मदपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर बदमाशों ने पुलिस को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें अभियुक्त मोनू उर्फ मोहन गिरी और सोहेल कुरैशी (मेरठ) पैर में गोली लगने से घायल हो गये।

दो तमंचे और एक बाइक बरामद

एएसपी ने बताया कि बदमाशों के एक अन्य साथी हारुन कुरैशी (गाजियाबाद) ने अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनमें अभियुक्त मोनू उर्फ मोहन गिरि के खिलाफ मेरठ के कंकरखेड़ा के अलावा गाजियाबाद के कई थानों में हत्या समेत गंभीर मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि पुलिस को गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे और बाइक बरामद हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article