गाजियाबाद में निर्माणाधीन टंकी की शटरिंग गिरने से कई मजदूर दबे, 8 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा

Ghaziabad Accident: गाजियाबाद में निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग अचानक गिर गई। जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। 8 मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Ghaziabad Accident: गाजियाबाद के मुरादनगर श्मशान घाट में आज फिर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पानी की टंकी पर लगी शटरिंग गिरने से आधा दर्जन से अधिक मजदूर दब गए। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से 8 मजदूरों को निकाल लिया गया है। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। मुरादनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर खुद मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं। पुलिस की गाड़ियां और एंबुलेंस लगातार घायलों को अस्पताल पहुंचा रही हैं।

घटनास्थल पर 14 मजदूर कर रहे थे काम

एसीपी मसूरी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना मुरादनगर क्षेत्र स्थित ग्राम उखलारसी के शमशान घाट के अंदर निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग गिर गई है। जिसके मलबे में कुछ लोग दब गए हैं। इस सूचना पर थाना मुरादनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया और वहां कार्यरत कुल 14 मजदूरों में से घायल सभी 08 मजदूरों को निकाला। जिसके बाद इन्हें सीएचसी अस्पताल भेजा गया। जहां डाक्टरों ने घायलों को संजय नगर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर ने हेड इंजरी होने की वजह से एक शख्स की हालत गंभीर बताई है। बाकी सभी लोग खतरे से बाहर हैं।

End of Feed