Harnandipuram Township: गाजियाबाद में नए टाउनशिप हरनंदीपुरम को बसाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन में जमीन का सर्वे तेजी से चल रहा है। यह काम इसी महीने पूरा हो जाएगा। टाउनशिप के लिए अभी ड्रोन और भूमि पर सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान सबसे पहले टाउनशिप की आउटर बाउंड्री चिन्हित की जा रही है। हरनंदीपुरम टाउनशिप को विकसित करने के लिए 8 गांवों की जमीनें ली जाएंगी।
541 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगी नई टाउनशिप
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण 541 हेक्टेयर जमीन पर इस नई टाउनशिप को बसाएगा। टाउनशिप के लिए पिछले महीने जीडीए बोर्ड बैठक में अप्रूवल मिल गया था। जिसके बाद प्राधिकरण इसे विकसित करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। इस टाउनशिप को बसाने की योजना सेटेलाइट सर्वे के आधार पर तैयार हुई थी। अब भूमि और ड्रोन सर्वे के आधार पर इस योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
इन 8 गांवों की जमीन पर बसेगी टाउनशिप
हरनंदीपुरम टाउनशिप उत्तर में पाइपलाइन रोड से शुरू होकर पूर्व में नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड और साउथ में मोरटी तक बसाई जाएगी। इसके बीच से हिंडन नदी बहेगी। इस टाउनशिप को जिन 8 गांवों की जमीन पर बसाया जाएगा, उनके नाम हैं- मथुरापुर, भनेड़ा खुर्द, शाहपुर निज मोरटा, नंगला फिरोजपुर, शमशेर,चंपतनगर, भोवापुर और मोरटा गांव। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा 247.84 हेक्टेयर नंगला फिरोजपुर गांव का रहेगा।
