Ghaziabad: गाजियाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब राशन कार्ड, प्रमाण पत्र, पेंशन के लिए आवेदन जैसे छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्रीमणों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार अब जिले के 29 ग्राम पंचायतों पर जनसुविधा केंद्र खोलने जा रहा है। इसके लिए पंचायत विभाग द्वारा अभी इन सभी ग्राम पंचायतों में जमीन चिन्हित करने का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक आठ ग्राम पंचायतों में जमीन चिन्हित भी कर ली गई है। इन सभी पंचायतों में मई तक जनसुविधा केंद्र की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
बता दें कि ग्रामीणों को गांव में ही केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ देने के लिए वित्त वर्ष 2021-22 में यह योजना शुरू की गई थी। जिसके तहत जिले के कुल 161 ग्राम पंचायतों में जनसुविधा का निर्माण कराया जाना था। इनमें से 132 ग्राम पंचायतों में बीते साल ही ये सुविधा केंद्र शुरू हो गए थे, लेकिन बाकी ग्राम पंचायतों में जमीन न मिलने के कारण ये जनसुविधा केंद्र नहीं बन पाए थे। इसकी वजह से इन गांवों में रहने वाले लाखों ग्रामीणों को अभी भी जन सुविधाओं और सरकार की योजनओं का लाभ लेने के लिए तहसील में जाना पड़ता था। इससे जहां समय और पैसे की बर्बादी होती थी, वहीं कई बार चक्कर लगाने के बाद भी कार्य नहीं होता था। अब इन ग्राम पंचायत के लोगों को भी इस समस्या से राहत मिलेगी।
