Ghaziabad: गाजियाबाद में होलिका दहन और होली की तैयारी पूरी हो चुकी है। एक तरह जहां शहर के सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भव्य तरीके से होली मनाने की तैयारी कर है, वहीं पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा की व्यवस्था कर रखी है। आज गाजियाबाद में 1370 जगहों पर होलिका दहन किया जाएगा, लेकिन शहर की सबसे पुरानी होलिका 'होली वाली गली' में इस बार खास तैयारी की गई है। यहां पर आने वाले लोगों को प्रसाद वितरित करने के लिए आज सुबह से ही करीब 1000 किलो हलवा तैयार किया जा रहा है। साथ ही 1000 किलो लकड़ी से रात 8: 50 पर होलिका दहन किया जाएगा। इस दौरान दहन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन भी होगा।
होली त्योहार को ध्यान में रखकर गाजियाबाद जिले में 5 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की इन तैयारियों की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस जवानों के अलावा जिले की 90 फीसदी क्यूआरटी, पीसीआर, मोबाइल फेंटम, यूपी-112 की गाड़ियां सड़कों पर नजर आएंगी। सभी थाना क्षेत्र के संवेदनशील जगहों पर ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा शहर के बॉर्डर एरिया समेत पूरे जिले में वाहनों की जांच के लिए करीब ढाई सौ चेकिंग पॉइंट्स भी बनाए गए हैं। होली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
