Ghaziabad News: देश की पहली रैपिड रेल में सफर करने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। अब एक बार फिर से रैपिड रेल शुरू होने की डेट में बदलाव किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) अब अप्रैल माह में साहिबाबाद से दुहाई के बीच रैपिड रेल को शुरू करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि केंद्र सरकार द्वारा इस प्रॉजेक्ट की डेडलाइन जून माह तय की गई है। इस बीच रैपिड रेल के किराये को लेकर बड़ी जानकारी सामने आया है। बताया जा रहा है कि रैपिड रेल का किराया प्रति किमी 2 रुपये हो सकता है। किराये पर आखिरी निर्णय इस माह के अंत तक ले लिया जाएगा।
बता दें कि रैपिड रेल के पहले खंड पर साहिबाबाद से दुहाई के बीच ट्रेन के संचालन को लेकर लगातार कंफ्यूजन बना हुआ है। एनसीआरटीसी ने 17 किमी के इस खंड पर पहले मार्च के माह में ट्रेन के संचालन का दावा शुरू किया था, लेकिन स्टेशनों के निर्माण में देरी के कारण इसे मई या जून तक शुरू करने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अब एक बार फिर से अप्रैल माह से संचालन शुरू होने का दावा किया जा रहा है। रैपिड रेल का संचालन शुरू होने का सबसे अधिक फायदा गाजियाबाद के शहरी और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को मिलेगा। रैपिड रेल के द्वारा यात्री सिर्फ 12 मिनट में 17 किमी की दूरी तय कर सकेंगे।
