Ghaziabad Rape Case: दिल्ली, नोएडा हो या अन्य कोई शहर, महिला के खिलाफ अपराध के मामले देश के कोने-कोने से सुनने को मिल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सटे गाजियाबाद से सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही मंगेतर के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। इतना ही नहीं युवक के दोस्तों ने भी युवती के साथ छेड़छाड़ की है। किसी तरह घर पहुंचकर युवती ने अपनी मां को मामले की पूरी जानकारी दी। पीड़िता की मां ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऋषिकेश ले जाकर किया मंगेतर के साथ रेप
पुलिस ने बताया कि पीड़िता गाजियाबाद के राजनगर इलाके की रहने वाली है। उसका मंगेतर उसे बिना घरवालों की मर्जी के ऋषिकेश लेकर गया था। वहां होटल में आरोपी युवक ने युवती का फोन लेकर अपने पास रख लिया, ताकि वह किसी को कॉल न कर सके। उसके बाद उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। युवती की मंगेतर ने सारी हदे पार करते हुए अपने तीन अन्य दोस्तों को भी बुलाया। इन तीनों युवकों ने भी युवती के साथ छेड़छाड़ की है।
पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद युवती के मंगेतर और अन्य लोगों ने उसे राजनगर के एक पेट्रोल पंप पर छोड़ दिया और वहां से भाग गए। किसी तरह युवती अपने घर गई और अपना मां को आप बीती बताई। पीड़िता की मां ने कवि नगर थाने में पहुंचकर युवती के मंगेतर और उसके तीनों दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पीड़िता की मां ने बताया कि ये चारों आरोपी इनफ्लुएंशल लोगों के बेटे हैं, जिसके कारण पुलिस शुरूआत में इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही थी। लेकिन मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने एक्शन लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जानकारी दी की ये मामला 21 अगस्त का है। आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पुलिस ने गैंग रेप की पुष्टि नहीं की है।
