Ghaziabad News: गाजियाबाद के स्वर्ण जयंती पार्क में वैलेंटाइन डे पर युवकों को धमकाने का मामला सामने आया है। जिसमें हिंदू संगठन से जुड़े विपिन गुर्जर और उनके साथियों के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में केस दर्ज किया गया। पार्क में आरोपी लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और वहां मौजूद युवकों को धमकाया और कहा कि वेलेंटाइन डे जो भी माहौल खराब करेगा, उसे प्यार से समझाएंगे वरना उनका लाठी से इलाज किया जाएगा।
12 फरवरी की घटना
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले में संज्ञान लिया। इसमें जांच के दौरान पता चला कि यह वायरल वीडियो थाना 12 फरवरी को इंदिरापुरम क्षेत्र में स्थित स्वर्ण जयंतीपुरम पार्क का है। यह वीडियो कुछ व्यक्तियों द्वारा पार्क में बैठे हुए लड़के-लड़कियों और अन्य व्यक्तियों से दुर्व्यवहार करने और उन्हें धमकाने से संबंधित था।
नीति खंड चौकी प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि वीडियो में आरोपी युवायों को धमका कर कह रहे थे कि वैलेंडटाइन डे के दिन पार्क में जो भी दिखेगा, उसके आधार कार्ड की जांच की जाएगी और परिजनों से बात की जाएगी। इस दौरान यह भी कहा कि अगर कोई प्यार से नहीं मानेगा तो उसका इलाज लाठी से किया जाएगा।
कानून को हाथ में लेने वाले पर सख्स कार्रवाई
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में BNS की धारा 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आगे की जांच भी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में कहा कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करना और लोगों को धमकाने का यह गंभीर मामला है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने वाले के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
