Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोगों को नए साल में यूपी रोडवेज की तरफ से बड़ा तोहफा मिलने वाला है। साल 2023 के जनवरी माह से यहां के लोगों का राजधानी लखनऊ का सफर आसान हो जाएगा। क्योंकि यूपी रोडवेज ने गाजियाबाद से लखनऊ तक नॉन स्टॉप बसें चलाने का फैसला किया है। इस योजना के शुरुआती चरण में रोडवेज की तरफ से गाजियाबाद रीजन को 8 नई बसें मिलेंगी। इन बसों को राजधानी एक्सप्रेस के नाम से चलाया जाएगा। गाजियाबाद से इन बसों का ट्रायल सफल रहने पर इसी तरह की बसें हर जिले से लखनऊ तक इस तरह राजधानी एक्सप्रेस के नाम से चलाई जाएंगी।
यूपी रोडवेज की एक नई बस
त्योहार और छुट्टियों के दौरान दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लाखों लोग लखनऊ या पूर्वाचल के दूसरे जिलों में जाते हैं। इस दौरान ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर लोग बसों का सहारा लेना चाहते हैं, लेकिन अभी गाजियाबाद में पर्याप्त बसों की सुविधा नहीं, जिसकी वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डे से अभी लखनऊ के लिए करीब एक दर्जन वोल्वो, जनरथ व साधारण श्रेणी की बसें चलती हैं। ये बसें अपने गंतव्य तक पहुंचने में 12 से 18 घंटे तक का समय लेती हैं, जबकि इस रूट पर सफर करने वाली सवारियां ट्रेन की तरह तेज सर्विस चाहती हैं।
