गाजियाबाद

Ghaziabad: कांस्टेबल मर्डर के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार; छापेमारी के दौरान सिर पर लगी थी गोली

गाजियाबाद में पुलिस कांस्टेबल की हत्या के आरोप में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात को वांछित हिस्ट्रीशीटर कादिर को पकड़ने के दौरान छापेमारी में उसके साथियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान सिर में गोली लगने से कांस्टेबल की मौत हो गई थी और 4 दारोगा भी घायल हुए थे। पकड़े गए आरोपियों ने कांस्टेबल की हत्या में अपनी संलिप्तता को कुबूल किया है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Ghaziabad Constable Murder: गाजियाबाद पुलिस ने मसूरी क्षेत्र के नाहल गांव में छापेमारी के दौरान नोएडा के एक पुलिस कांस्टेबल की हत्या में संलिप्तता के आरोप में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के फेज-3 थाने की एक टीम का हिस्सा रहे कांस्टेबल की एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने का प्रयास करते समय गोली लगने से मौत हो गयी थी। यह घटना रविवार देर रात हुई थी।

हिस्ट्रीशीटर कादिर को पकड़ने के दौरान हुआ हमला

नोएडा पुलिस की टीम सादे कपड़ों में और स्थानीय अधिकारियों को सूचित किए बिना गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में दर्ज 25 आपराधिक मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर कादिर को गिरफ्तार करने के लिए नाहल गांव पहुंची थी। उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम कादिर को हिरासत में ले रही थी, तभी स्थानीय पंचायत भवन के पास छिपे उसके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी थी। उन्होंने धारदार हथियारों से भी हमला किया था।

हमले में चार दारोगा भी हुए घायल

अधिकारी के मुताबिक, हमले के दौरान कांस्टेबल सौरभ कुमार देशवाल (28) के सिर में गोली लगी और उसे यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तिवारी ने बताया कि देशवाल शामली का रहने वाला था और नोएडा के फेज-3 थाने में तैनात था। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, हमले में चार दारोगा सचिन राठी, उदित सिंह, सुमित और निखिल भी घायल हो गए थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले में सोमवार शाम को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास मुठभेड़ के बाद नाहल निवासी नन्हू और अब्दुल सलाम नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। तिवारी ने बताया कि अब तक पकड़े गये सभी छह आरोपियों कादिर, अब्दुल सलाम, नन्हू, मुशाहिद, अब्दुल खालिक और मुरसलीन ने हमले और कांस्टेबल देशवाल की हत्या में अपनी संलिप्तता कुबूल कर ली है। उनके पास से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया। आगे की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article