Bhopal Train Accident: भोपाल में एक ट्रेन यात्री गंभीर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसलने से वह पटरी पर गिर गया। हालांकि रेलकर्मी की सतर्कता के चलते उसकी जान बच गई। इस दौरान बिना समय गवाए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
ट्रेन मैनेजर ने तुरंत लगाया इमरजेंसी ब्रेक
यह घटना रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर 26 मई की रात करीब 10:40 बजे की है। इस दौरान ट्रेन नंबर 12155 भोपाल एक्सप्रेस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से रवाना हो रही थी। तभी एक 45 वर्षीय शख्स ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। लेकिन कोच का हैंडल पकड़ते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी पर गिर पड़ा। इस दौरान ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात ट्रेन मैनेजर वैभव भारती ने सतर्कता का परिचय दिया। उन्होंने सीटी और गार्ड इंडिकेशन सिस्टम से खतरा भांपकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया। ट्रेन के समय पर रुकने से यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
यात्री की प्राथमिक जांच कराई गई
ट्रेन से गिरने वाला शख्स विदिशा का रहने वाला कपिल लीलानी है। इस हादसे के बाद ट्रेन मैनेजर वैभव ने उसे तुरंत ब्रेक वैन में लाया और प्राथमिक जांच करवाई। यात्री की हालात सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन को फिर से रवाना किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करने की अपील की है। ऐसा करना खुद के लिए खतरनाक होने के साथ ही इससे दूसरे यात्रियों की सुरक्षा के लिए को भी खतरा हो सकता है।
