गाजियाबाद

Hindon Airport: हिंडन एयरपोर्ट बंद! सुरक्षा कारणों के चलते लिया गया फैसला

गाजियाबाद हिंडन सिविल एयरपोर्ट से उड़ानें अगले आदेश तक बंद की गई हैं। ये फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। हिंडन एयरबेस वेस्टर्न एयर कमांड का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां अस्थायी रूप से सभी सिविल उड़ानें बंद कर दी गई हैं।

Image

hindon airport suspends flights

Hindon Airport News: गाजियाबाद के हिंडन सिविल एयरपोर्ट से सभी कॉमर्शियल उड़ानें अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। गौरतलब है कि 6 और 7 मई की दरमियानी रात भारत ने पाकिस्तान और POK के कई आतंकी ठिकानों को पर एयर स्ट्राइक किया था। जिसके बाद लगातार सुरक्षा कारणों से कई तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। हिंडन एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी निजी एयरलाइंस कंपनियों की फ्लाइट को अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।

14 शहरों की उड़ान प्रभावित

आम दिनों की बात करें, तो गाजियाबाद की हिंडन एयरपोर्ट से देश के 14 शहरों के लिए हवाई सेवाओं का संचालन हो रहा था। इन शहरों में एयरपोर्ट से प्रयागराज, गोरखपुर, फैजाबाद, पिथौरागढ़, देहरादून, चंडीगढ़, हुबली जैसे शहर आते हैं। हर दिन औसतन ढाई हजार से अधिक यात्री हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाइट के जरिए आवागमन करते हैं। घरेलू यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक हवाई सेवा प्रदान करने वाले इस एयरपोर्ट के बंद होने से यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

संवेदनशील इलाका है हिंडन एयरपोर्ट

हिंडन एयरबेस वेस्टर्न एयर कमांड का एक प्रमुख केंद्र है। हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी विमानों के संचालन के लिए हिंडन एयरबेस में मौजूद एक ही रनवे का ही इस्तेमाल करती है। हिंडन सिविल टर्मिनल और एयरबेस का रनवे वाला इलाका अंदर से आपस में मिलता है। इसी कारण ये इलाका संवेदनशील है, जिसके कारण कॉमर्शियल फ्लाइट्स को रोक दिया गया है।

एयरलाइंस कंपनियों ने अपने ऑफिशियल साइट के जरिए अपने उड़ान रद्द करने की सूचना लोगों को दी है। इसके साथ ही जिनके टिकट बुक थे उनके पैसे भी लौटाए जा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article