Ghaziabad News: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर टोल प्लाजा के पास एक एम्बुलेंस और पिकअप ट्रक की टक्कर हो गई। जिसमें एम्बुलेंस सवार मरीज और उसके बेटे की मौत हो गई। साथ ही एम्बुलेंस के ड्राइवर और मृतक मरीज की पत्नी को हादसे में काफी चोट आई। घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया। एम्बुलेंस हादसे के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिकअप सड़क के किनारे पलटी हुई मिली गई। जिसका चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद छतिग्रस्त एम्बुलेंस
शुक्रवार को भोजपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। मरीज को लेकर मुजफ्फरनगर जा रही एम्बुलेंस और एक प्लाई बोर्ड लदे पिकअप ट्रक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एम्बुलेंस सवार मरीज और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान गुलनाज (48 वर्ष) और उसके पुत्र दानिश (15 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में गुलनाज की पत्नी सलमा और एम्बुलेस चालक वाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एम्बुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिकअप सड़क के किनारे पलट गई, जिससे हाइवे पर जाम की स्थिति बनने लगी। इस दौरान पिकअप ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार को गुलनाज को नोएडा के एक निजी अस्पताल से लेकर उसकी पत्नी सलमा और पुत्र दानिश मुजफ्फरनगर स्थित अस्पताल लेकर जा रहे थे। जिस दौरान ये हादासा हुआ। एम्बुलेंस के ड्राइवर के मुताबिक जैसे ही एम्बुलेंस भोजपुर टोल के पास पहुंची तभी आगे चल रहे एक पिकअप ट्रक ने अचानक रफ्तार कम कर दी, जिसके बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और घायलों को मोदीनगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
