Saharanpur: सहारनपुर के निहाल खेड़ी गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस हादसे में 3 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में ब्लास्ट होने से पहले कई लोगों के अंदर होने की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट की तीव्रता के कारण पूरी इमारत ढह गई है। निहाल खेड़ी गांव में हुई इस भयावह घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग की गाडियां मौके पर पहुच गयीं तथा राहत कार्य शुरू कर दिया गया। जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी हालात की समीक्षा और बचाव अभियान की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और दावा किया है कि क्षेत्र में कई अवैध पटाखा फैक्टरियां चल रही हैं, जिनपर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
150 मीटर दूर गिरे शवों के चीथड़े
जानकारी के मुताबिक, विस्फोट इतना भयंकर था कि पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। इस घटना से 3 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है। शवों के टुकड़े 100 से 150 मीटर की दूरी तक बिखर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके की आवाज दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और ऐसा महसूस हुआ जैसे भूकंप आया हो। हादसे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल, इलाके को सील कर दिया गया है और बचाव कार्य जारी है।
3 लोग हुए गिरफ्तार
सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि आज सुबह साढ़े चार बजे देवबंद थाना क्षेत्र के जडौदा जटट गांव में लाइसेंसी पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद आग लग गयी। फैक्टरी में काम करने वाले कुछ मजदूर आग में झुलस गए जिनमें तीन की मौत हो गई। पटाखा फैक्टरी का संचालन करने वाले तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि फैक्टरी में किस तरह का पटाखा बनाया जा रहा था इसकी जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने किया राजमार्ग जाम
फैक्टरी में कार्यरत कुछ मजदूरों और ग्रामीणों द्वारा राजमार्ग को जाम कर दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि मजदूरों और ग्रामीणों से बातचीत की जा रही है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारी मजदूरों के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन उन्हें वास्तविक जानकारी नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण इस इलाके में कई अवैध पटाखा फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं।
