Ghaziabad Ambekar Road E-rickshaws Ban: गाजियाबाद में हापुड़ रोड और एनएच-9 के बाद एक और सड़क पर ई-रिक्शा को बैन किया गया है। डीसीपी सिटी ने आंबेडकर रोड पर ई-रिक्शा को प्रतिबंधित किया है। इस रोड पर 12 सितंबर से सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। गाजियाबाद में ई-रिक्शा यातायात में रुकावट बन रहे हैं। एडीसीपी ट्रैफिक पीयूष सिंह ने बताया कि ई-रिक्शे की वजह से आंबेडकर रोड पर जाम की स्थित बनती है। इस कारण इन्हें प्रतिबंधित करने का फैसला लिया गया है। 12 सितंबर से सुबह 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक आंबेडकर रोड पर चलने वाले ई-रिक्शा के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
आंबेडकर रोड पर ई-रिक्शा बैन (सांकेतिक फोटो)
ये भी पढ़ें - कानपुर के बाद अजमेर में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश नाकाम, ट्रैक पर मिला एक क्विंटल का सीमेंट ब्लॉक
पहले की तरह चलेंगे ऑटो
गाजियाबाद में ट्रैफिक की स्थिति में सुधार लाने के लिए हापुड़ रोड की तरह ही आंबेडकर रोड पर सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा चलाने पर रोक रहेगी। हापुड़ रोड पर पुराना बस अड्डा से डासना फ्लाईओवर के बीच ई-रिक्शे प्रतिबंधित है। नए आदेश में आंबेडकर रोड पर पुराना बस अड्डा से मालीवाड़ा और कालकागढ़ चौक होते हुए चौधरी मोड़ तक ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। इस नियम के बाद 12 सितंबर से ई-रिक्शा कॉलोनी से सवारी को लेकर आंबेडकर रोड पर 50 मीटर की दूरी पर छोड़ देंगे। यह नया आदेश सिर्फ ई-रिक्शा के लिए है। यहां ऑटो पहले की तरह ही चलते रहेंगे।
अवैध पार्किंग पर भी रोक लगाएगी पुलिस
आंबेडकर रोड पर शॉपिंग के लिए आने वाले वाहनों और ई-रिक्शे के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। इस वजह से ई-रिक्शे को बैन किया गया है। इसके बाद आंबेडकर रोड पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों पर भी पुलिस एक्शन लेने की तैयारी कर रही है।
