Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक ही एटीएम में दूसरी बार चोरी का मामला सामने आया है। यह मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में टीला कोठी स्थित इंडिया वन एटीएम का है। इस एटीएम में एक हफ्ते के अंदर दो बार बैट्रियों की चोरी हो गई। चोर कार में सवार होकर आए और एटीएम बूथ से कई बैटरियां निकाल ले गए। चोरों ने एटीएम मशीन को भी तोड़कर खोलने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हुए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बैटरियां लेकर चोर फरार
यह पूरी घटना रात के करीब 3 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देख सकते हैं कि एक वैगनआर कार आती है। जिसमें से कुछ युवक उतरते हैं और पास में लगे एटीएम के अंदर चले जाते हैं। जहां ये लोग एटीएम की बैटरी चोरी कर लेते हैं। एटीएम के अंदर सबसे पहले दो चोर घुसे और मशीन के पीछे केबिन में रखी बैटरियों को बाहर निकाला। जिसके बाद उन्होंने फोन करके अपने दो और साथियों को अंदर बुलाया। जिसके बाद चोरों ने कार के अंदर सारी बैटरियां रखी और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
एक हफ्ते में दूसरी बार चोरी
जानकारी के अनुसार इसी एटीएम में बीते सोमवार को भी चोरी हुई थी। चोरों ने ठीक इसी तरह एटीएम के अंदर से बैटरियां चुराई थी। जिसके बाद अब फिर से उन्होंने यहां चोरी की है। रविवार सुबह बैंककर्मियों ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुविस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। बैंककर्मी ने बताया कि एटीएम मशीन के साथ ही छेड़छाड़ की गई है। उसके टूटे हुए लॉक को देखकर लग रहा है कि चोरों ने मशीन को भी तोड़ने की कोशिश की है।
