Meerut News: मेरठ देहात के बहसूमा थाना क्षेत्र के जंगलों में मंगलवार दोपहर दो गैंगों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। यह घटना मेरठ के तीन थाना क्षेत्रों बहसूमा, मवाना और फलावदा की सीमा पर रजवाहे के पास हुई, जहां लगभग एक घंटे तक करीब 50 राउंड फायरिंग चली।
बाइक भी फूंके
इस फायरिंग के दौरान एक गुट के बदमाशों ने बाइक छोड़कर भागने का रास्ता चुना। जिसके बाद दूसरे गुट के सदस्यों ने उनकी दोनों बाइकों में आग लगा दी। पुलिस ने मौके से दो जली हुई बाइक और करीब 10 खाली खोखे बरामद किए हैं। हालांकि, बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच में ली जा रही है।
कालू और गोलू गैंग के बीच पुरानी रंजिश
जानकारी के अनुसार, यह गैंगवार जेल में बंद बदमाश रोहन उर्फ कालू और हिस्ट्रीशीटर शिवम उर्फ गोलू के गिरोहों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का हिस्सा है। रोहन परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर का निवासी है, जबकि गोलू फलावदा थाना क्षेत्र के सकौती का रहने वाला है। गोलू हाल ही में जमानत पर छूटा है। दोनों के गिरोहों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो मंगलवार को इस हिंसक घटना के रूप में सामने आया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
एसपी देहात राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत 9 नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों गिरोहों के सदस्य आपस में विवादित हैं और फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय सर्च ऑपरेशन चला रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बाइकों के नंबरों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
