Ghaziabad News: गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 4 साल की बच्ची की कथित तौर पर उसके पड़ोसी ने हत्या कर दी। बच्ची खेत में बेहोश पाई गई, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
(सांकेतिक फोटो)
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 9 बजे नंदग्राम थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक खेत में घायल अवस्था में एक बच्ची बेहोश पड़ी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सोमवार से लापता थी बच्ची
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान बच्ची के परिजनों ने उसकी पहचान की। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम से ही उनकी बेटी लापता थी। परिवार ने अपने पड़ोसी गौरव प्रजापति (24) पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गौरव सोमवार को बच्ची को अपने साथ टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। जिसके बाद से वे लोग बच्ची की तलाश कर रहे थे। आरोपी पहले से ही परिवार का परिचित था, इस कारण बच्ची उसके साथ चली गई।
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी गौरव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 238(ए) (सबूत मिटाने या गलत जानकारी देने) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
