Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में छात्र सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार तड़के एक भीषण मुठभेड़ के बाद मार गिराया। आरोपी असद वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन ने 50,000 का नकद पुरस्कार घोषित किया गया था। इस गोलाबारी में पुलिस का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एनकाउंटर करने वाली टीम
पैसे लेकर भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी असद अपने कुछ साथियों से पैसे लेने और फिर वहां से दूर भागने की फिराक में खोड़ा थाना क्षेत्र में आने वाला है। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत एक्शन में आ गया। थाना खोड़ा और थाना इंदिरापुरम की संयुक्त टीमों को पूरे इलाके में अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने चारों तरफ बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया और पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग की जा रही थी।
चेतावनी के बाद पुलिस पर दागीं गोलियां, आत्मरक्षा में हुआ एनकाउंटर
गाजियाबाद DCP धवल जायसवाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल पर असद अपने एक साथी के साथ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, तो उसने बाइक रोकने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की तरफ से गोलियां चलते ही पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई इस भीषण क्रॉस-फायरिंग में मुख्य आरोपी असद को पुलिस की गोली लग गई और वह वहीं ढेर हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में भागने में कामयाब रहा।
कांस्टेबल घायल, मौके से अवैध असलहा और बाइक बरामद
इस मुठभेड़ के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस का एक कांस्टेबल भी अपराधी की गोली लगने से घायल हुआ है। घायल कांस्टेबल और गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए आरोपी असद को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने असद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कांस्टेबल का डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से वह अवैध असलहा बरामद कर लिया है जिससे असद पुलिस पर फायरिंग कर रहा था।
क्या था सूर्या चौहान हत्याकांड?
गौरतलब है कि बीते 28 तारीख को खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जघन्य घटना सामने आई थी। वहां असद नामक युवक ने पुरानी रंजिश या विवाद के चलते सूर्या चौहान नाम के लड़के पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना खोड़ा में सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 5 अभियुक्तों को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।
