Ghaziabad News: गाजियाबाद के राजनगर के गोविंदपुरम इलाके में बुधवार सुबह उस समय भारी दहशत फैल गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल के परिसर में घुस आया। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलने के बाद स्कूल और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
परीक्षा देने आए बच्चों को वापस भेजा गया
बुधवार सुबह करीब 5 बजे परिसर में तेंदुआ देखा गया। स्कूल प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा के लिहाज से बच्चों को तुरंत उनके घर वापस भेज दिया। गनीमत यह रही कि तेंदुआ किसी छात्र या कर्मचारी के संपर्क में नहीं आया और समय रहते सावधानी बरत ली गई। बता दें कि आज कक्षा 11वीं की परीक्षा थी, जिसे कैंसिल कर दिया गया है।
पुलिस और वन विभाग का सर्च ऑपरेशन
तेंदुए की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम लाठी-डंडों और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम को भी तुरंत सूचित किया गया, जो अब स्कूल परिसर और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। स्कूल की बाउंड्री वाल्स के पर टीमें तार लगा रही हैं। तेंदुआ किस रास्ते से स्कूल की चहारदीवारी के अंदर आया और फिलहाल उसकी लोकेशन क्या है, इसका पता लगाने के लिए स्कूल और आसपास की गलियों में लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। अभी तक तेंदुए का पता नहीं चल पाया है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा तेंदुआ
इलाके में अलर्ट और दहशत
गोविंदपुरम और आसपास की कॉलोनियों में वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। घटना के बाद लोगों की भीड़ स्कूल के बाहर इकट्ठा होने लगी, जिसे काबू में करने के लिए कविनगर थाने की पुलिस लगी हुई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं ताकि तेंदुए की सटीक लोकेशन का पता लगाकर रेस्क्यू किया जा सके। सुरक्षा के लिहाज से लोगों को सलाह दी गई है कि वे परिसर से दूर रहें।
