पंजाब की होशियारपुर जिला जेल से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। राज्य के चर्चित और कुख्यात गैंगस्टरों में शामिल भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा की मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जेल प्रशासन द्वारा उसे तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पूरे मामले की न्यायिक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
आशीष चोपड़ा की फाइल फोटो
मध्य एशिया से डिपोर्ट कर किया गया था अरेस्ट
मूल रूप से फिरोजपुर के रहने वाले गैंगस्टर आशीष चोपड़ा पर कानून का शिकंजा कसने के लिए पंजाब पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने लंबा अभियान चलाया था। केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उसे मध्य एशिया के एक देश से डिपोर्ट करवाया गया और 12 मार्च 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आशीष चोपड़ा के खिलाफ पंजाब के फिरोजपुर, फाजिल्का और पटियाला जिलों में हत्या, रंगदारी और नशा तस्करी की 9 से अधिक FIR दर्ज थीं ।
फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर और पाकिस्तानी ड्रग्स सिंडिकेट का मास्टरमाइंड
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया था कि आशीष चोपड़ा पंजाब में सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी का मुख्य सरगना था। वह सितंबर 2024 में फिरोजपुर में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में मुख्य वांछित आरोपियों में शामिल था। उस पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाने तथा स्थानीय गैंगस्टर नेटवर्क के जरिए उसकी बिक्री कराने का आरोप था। अस्पताल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब उसे अस्पताल लाया गया, तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। जेल में अचानक हुई इस मौत की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
