दिल्ली : शाहदरा जिले की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के सात मामलों का खुलासा हुआ है।
दिल्ली में वाहन चोर गैंग को पुलिस ने पकड़ा
सीसीटीवी कैमरों से खुली पोल
डीसीपी राजेन्द्र प्रसाद मीना ने बताया कि वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कृष्णा नगर थाना पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने इलाके और आसपास के 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अमजद (22) निवासी जगजीत नगर, उस्मानपुर और समीर (22) निवासी कुशल पार्क, लोनी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं, 17 वर्षीय एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद पहले भी कृष्णा नगर थाने में वाहन चोरी और चोरी के माल की बरामदगी से जुड़े चार मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों से तीन स्कूटी और चार मोटरसाइकिल समेत कुल सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें कृष्णा नगर, शास्त्री पार्क, उस्मानपुर, वजीराबाद और मुखर्जी नगर थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामले शामिल हैं। यह कार्रवाई कृष्णा नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तकनीकी निगरानी और मेहनत से सात मामलों का खुलासा करने पर सराहना की है।
