शहर

Akasa Air: लखनऊ एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी, हवा में ही अकासा एयर के प्लेन का तेल हुआ कम, 194 लोग सवार

Akasa Air: लखनऊ एयरपोर्ट (Lucknow Airport) पर उस समय फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई, जब अकासा एयर के एक प्लेन का फ्यूल हवा में ही कम हो गया। प्लेन किसी तरह से इमरजेंसी लैंडिंग कर पाई।

Image

आकाश एयर के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग (फोटो- akasa air)

Akasa Air: लखनऊ एयरपोर्ट (Lucknow Airport) पर उस समय अफरातफरा मच गई, जब मौसम खराब होने की वजह से डायवर्ट हुआ अकासा एयर के एक प्लेन का फ्यूल हवा में ही कम हो गया। जिसके बाद लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अमौसी एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। किसी तरह से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्लेन में 194 लोग सवार थे।

बेंगलुरु से भुवनेश्वर जा रहा था प्लेन

यह पूरा मामला अकासा एयर की फ्लाइट QP 1503 (बोइंग 737 MAX 8) का है। यह विमान बेंगलुरु से उड़ान भरकर भुवनेश्वर जा रहा था। जब विमान भुवनेश्वर के नजदीक पहुंचा, तो वहां मौसम अत्यधिक खराब हो चुका था, जिसके कारण लैंडिंग संभव नहीं थी। स्थिति को देखते हुए रात करीब 8:40 बजे विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट (डायरेक्शन चेंज) कर दिया गया।

पायलट ने जारी किया 'PAN-PAN' कॉल

भुवनेश्वर से लखनऊ के लंबे रूट के दौरान विमान में ईंधन का स्तर तेजी से घटने लगा। हालात गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत रेडियो पर 'PAN-PAN' (पैन-पैन) कॉल जारी किया।

क्या होता है 'PAN-PAN' कॉल?

यह विमानन क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाला एक अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन सिग्नल है। इसका उपयोग तब किया जाता है जब स्थिति गंभीर हो लेकिन तत्काल जीवन का खतरा (जैसे Mayday में होता है) न हो। इस कॉल के जरिए पायलट ने एटीसी से प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग क्लियरेंस मांगी। पायलट ने अनुरोध किया कि विमान को बिना किसी चक्कर के एक ही प्रयास में सीधे रनवे पर उतरने की अनुमति दी जाए।

2 मिनट के भीतर घोषित हुई 'फुल इमरजेंसी'

पायलट के इनपुट और खतरे की गंभीरता को भांपते हुए लखनऊ एटीसी ने बिना वक्त गंवाए रात 9:02 बजे एयरपोर्ट पर 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी। इसके तुरंत बाद सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल एक्टिव कर दिए गए।

  • रात 9:02 बजे: फुल इमरजेंसी की घोषणा हुई।
  • रात 9:04 बजे: रनवे के चारों ओर क्रैश फायर टेंडर (अग्निशामक वाहन) और डॉक्टरों की आपातकालीन टीमें तैनात कर दी गईं।

इस त्वरित तैयारियों के बीच, रात करीब 9:10 बजे के आसपास विमान ने लखनऊ रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की। प्लेन के रुकते ही प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली। अकासा एयर और एयरपोर्ट अधिकारियों द्वारा घटना की तकनीकी जांच के आदेश दे दिए गएहैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article