नोएडा: पहाड़ों में लगातार भारी बारिश से मैदानी क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर, गंगा और यमुना अपने साथ भारी मात्रा में पानी लेकर बह रही हैं। अब यमुना में जलस्तर बढ़ने से तराई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। लिहाजा, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रसाशन और पुलिस अलर्ट हो गई है। नोएडा क्षेत्र में पुलिस ने यमुना के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को नोटिस दे दिया है।
पहाड़ी राज्यों में मॉनसून एक्टिव
दरअसल, कई दिनों से पहाड़ी राज्यों में मॉनसून के एक्टिव होने से भारी बारिश का दौर जारी है। पहाड़ों से एकत्र होकर भारी मात्रा में पानी यमुना के रास्ते आगे बढ़ रहा है। अब हालात बाढ़ के जैसे बनने लगे हैं। लिहाजा, प्रशासन समय रहते लोगों को सुरक्षित करने के लिए आगाह कर रहा है। पुलिस ने लोगों को लाउडस्पीकर के जरिए अलर्ट किया है।
डूब क्षेत्र में अलर्ट जारी
यमुना खादर डूब क्षेत्र में बने हजारों फार्म हाउस को पुलिस ने नोटिस दे दिया है। जलस्तर बढ़ने से पहले सुरक्षित जगह पर जाने की पुलिस ने अपील की है। चूंकि, पिछले साल बाढ़ के पानी से सैकड़ों लोग प्रभावित हुए थे। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पुलिस भी अलर्ट है। नोएडा पुलिस ने पशुओं और सामान को सुरक्षित जगह पर ले जाने अपील की है।
